जिला पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटे पूर्व विधायक वाचस्पति के लिए इलाहाबाद में दर्ज हुई रिपोर्ट मुश्किल खड़ी कर सकती है। पत्नी मधुपति को वह तीसरी बार अध्यक्ष बनाने की कोशिश में हैं। मगर रिपोर्ट ने मुश्किल बढ़ा दी। अब इस मौके को सोनू सिंह ने भुनाना शुरू कर दिया है। वह माहौल गरमा कर अपनी पत्नी अनामिका सिंह को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाने की कोशिश में जुट गए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 22 अगस्त को उपचुनाव होना है। इसकी तैयारियां तेज हो चुकी हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधुपति ने दोबारा मजबूती से दावा ठोंका है। वहीं वार्ड नंबर एक की जिला पंचायत सदस्य अनामिका सिंह ने भी तगड़ी मोर्चेबंदी कर रखी है। अनामिका सिंह के पति पूर्व प्रमुख सोनू सिंह ने सदस्याें को लामबंद कर रखा है। आधे से ज्यादा सदस्य गायब हो चुके हैं। यह कहां हैं? इसका पता लगाने में पूर्व विधायक वाचस्पति और उनके समर्थक परेशान है।
कई भाजपा कार्यकर्ता भी उनकी खोजबीन में जुटे हैं। दोनों पक्षों के बीच तगड़ी जोर आजमाइश चल रही थी कि इलाहाबाद में पूर्व विधायक वाचस्पति के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने का मामला दर्ज हो गया। इस रिपोर्ट के दर्ज होने से सियासी माहौल एकदम से गरम हो गया है। पूर्व प्रमुख सोनू सिंह ने इस मामले को हवा देकर अपनी जमीन मजबूत करनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज होने से भाजपाई भी सकते में हैं। वहीं पूर्व विधायक के समर्थक भी ऐन वक्त पर हुई इस कार्रवाई से तिलमिला गए हैं।