मंझनपुर (ब्यूरो)। कस्बे के चकनगर मोहल्ले में 10 दिन पहले हुई चोरी के मामले में शनिवार को कस्बाइयों ने स्थानीय एक युवक को धर दबोचा। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। पीटने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ मंझनपुर ने बताया कि हत्थे चढ़ा युवक शातिर है। पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि इसी युवक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संभवत: चोरी की घटनाएं अंजाम दी हैं।
बता दें कि मंझनपुर कस्बे के चकनगर मोहल्ला निवासी तस्लीम हैदर रिजवी के घर 14 मई की रात चोरी हो गई थी। बालू गिट्टी के सप्लायर के घर दीवार फांदकर कूदे चोर नगदी समेत करीब 5 लाख रुपये के सामान समेट ले गए थे। कस्बे में हुई चोरी से पुलिस के होश उड़ गए। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस अब तक करीब आधा दर्जन संदिग्धों को दबोचकर पूछताछ कर चुकी है, लेकिन पुलिस को ज्यादा सफलता नहीं मिली है। इसी बीच पुलिस कस्बे के ही एक शातिर युवक की तलाश में जुटी रही।
पुलिस के साथ ही कस्बे के लोगों को भी आशंका है कि यही शातिर युवक अपने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की घटना अंजाम दी है। पुलिस जब इस युवक की तलाश में जुटी तो वह फरार हो गया। शनिवार की सुबह कस्बे के लोगों को यह युवक कस्बे में दिख गया। देखते ही कस्बाइयों ने दौड़ाकर धरदबोचा। लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की। पीटने के बाद उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ मंझनपुर राजेश सिंह ने बताया कि हत्थे चढ़ा युवक शातिर किस्म का है। पूछताछ की जा रही है। एसओ का दावा है कि पूछताछ के दौरान तमाम जानकारियां मिली हैं। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा हो जाएगा।