दबंगों ने कारोबारी को तमंचे की बट से पीटा
नगर कोतवाली इलाके के समदा गांव की घटना, एसपी ने दिया कार्रवाई का निर्देश
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के समदा गांव में बुधवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक कारोबारी को तमंचे की बट से पीटा। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
समदा निवासी खुशनूर पुत्र छेद्दन ने स्थानीय चौराहे पर मोबाइल की दुकान खोल रखी है। उसने बताया कि पड़ोसी दबंगों से उसकी पुरानी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित की मानें तो बुधवार शाम भी दबंग अपशब्द कह रहे थे। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। तमंचे की बट से हमला करके सिर फोड़ दिया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर गुरुवार को एसपी से शिकायत की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि नगर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।