भरवारी रेलवे स्टेशन सेसिक्किम महानंदा ट्रेन में चढ़ते यात्री। संवाद
कानपुर, प्रयागराज और दिल्ली समेत अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को शुक्रवार को ट्रेनों के देरी से आने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ रही। शुक्रवार को संगम और इंटरसिटी एक्सप्रेस दोनों ही करीब आधे घंटे की देरी से भरवारी रेलवे स्टेशन पहुंचीं।
चौरी चौरा एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से करीब आधे घंटे के बाद आई। सबसे अधिक परेशानी सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस में यात्रा करने वालों को हुई। यह ट्रेन अपने तय समय सुबह 9:55 बजे के बजाय करीब पांच घंटे 38 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची। देरी से पहुंचने के कारण लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
मंझनपुर के योगेंद्र, राजा और रामू ने बताया कि वे कानपुर जाने के लिए समय से सुबह स्टेशन पहुंच गए थे लेकिन ट्रेन लगातार विलंबित होती रही। उन्होंने कहा कि काम निपटाकर रात में लौटने की योजना थी लेकिन ट्रेनों की देरी से पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया।
भरवारी के राजू, अनुराग सिंघिया और रोहित प्रयागराज जाने के लिए संगम एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। यात्रियों ने बताया कि ट्रेनें लगातार लेट आ रही हैं और समय पर न पहुंचने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसी तरह मुंबई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन एक घंटे की देरी से 4:10 बजे स्टेशन पहुंची। यात्रियों का कहना है कि लगातार ट्रेनों के देरी से आने से यात्रा व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। रेलवे विभाग के अनुसार, ट्रेनों की देरी तकनीकी कारणों और मार्ग पर परिचालन संबंधी दिक्कतों के चलते हुई है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से समयपालन सुधारने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियों से बचा जा सके।
- ट्रेनों के संचालन का काम मुख्यालय स्थित कंट्रोल का है। इस पर बात करने के लिए हम अधिकृत नहीं हैं। ट्रेनों के आने-जाने की जो सूचना मिलती है, हम उसे प्रसारित करते हैं। - डीएन यादव, स्टेशन अधीक्षक