अदालत के आदेश पर दाई सहित तीन के खिलाफ मुकदमा
मंझनपुर। अदालत के आदेश पर बच्चा बेचने के आरोप में एक दाई समेत तीन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दाई ने जुड़वां बच्चों के पैदा होते ही एक का सौदा कर दिया था। पीड़ित दंपती ने इसकी शिकायत अफसरों की। उनकी नहीं सुनी गई तो अदालत का दरवाजा खटखटाया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मानपुर गौरा गांव की गुलनाज बानो पत्नी मो. इब्राहिम ने बताया कि गर्भवती होने पर वह मायके में रह रही थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसके पिता ने 28 अगस्त 2022 फतेहपुर जिले के धाता पीएचसी में भर्ती कराया। वहां उसने एक बेटी व बेटे को जन्म दिया। जन्म के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए उसे मंझनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इस दौरान साजिश कर गांव की सना व पौली फतेहपुर निवासी चुहिया दाई ने फतेहपुर पौली निवासी चिकित्सक गुड्डू के हाथ उसके एक बच्चे को बेच दिया। जानकारी होने पर उसने अफसरों से शिकायत की लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद उसने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।