पश्चिमशरीरा (कौशाम्बी)। यमुना नदी के कटरी घाट पर शनिवार सुबह रास्ते के विवाद में एक बालू कारोबारी ने दूसरे को गोली मार दी। जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष के लोगों ने घेराबंदी की तो हमलावर ने खुद को रॉयल्टी ऑफिस में कैद कर लिया। आक्रोशित लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर ऑफिस आग के हवाले कर दिया, जिससे हमलावर झुलस गया। बीचबचाव करने में एसओ समेत तीन पुलिस वालों को भी मामूली चोटें आई हैं।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के कटरी निवासी नीरज द्विवेदी और डेढ़ावल निवासी झल्लर चौबे बालू कारोबारी होने के साथ पट्टाधारकों के कट्टर समर्थक भी हैं। दोनों के बीच घाट के रास्ते को लेकर काफी दिनों से तनातनी बनी हुई थी। बताया जाता है कि शनिवार सुबह झल्लर का ट्रैक्टर ड्राइवर कटरी घाट से बालू लादकर लौट रहा था। रॉयल्टी ऑफिस के समीप ट्रैक्टर बिगड़ गया। गाड़ी खराब होने की जानकारी पाकर झल्लर मौके पर पहुंचा, तभी नीरज भी आ धमका। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि झल्लर ने तमंचे से नीरज को गोली मार दी। दाहिने कंधे में गोली लगते ही नीरज खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसकी जानकारी होते ही उसके परिजन व गांव वाले लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख झल्लर ने रॉयल्टी ऑफिस में घुसकर भीतर से सिटकनी बंद कर ली। नाराज लोगों ने पहले दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। कामयाब न होने पर पेट्रोल छिड़ककर पूरा ऑफिस ही आग के हवाले कर दिया। आग की चपेट में आने से झल्लर गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से बचाकर झल्लर और गोली लगने से घायल नीरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान पश्चिमशरीरा एसो हेमंत मिश्रा, आरक्षी आशीष त्रिपाठी समेत तीन पुलिस भी मामूली रूप से जख्मी हो गए। एसपी ने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। गोली लगने से घायल नीरज द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने चरवा इलाके के काजू गांव में रहने वाले चर्चित बालू कारोबारी समीर सिंह व झल्लर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर झल्लर की पत्नी सरला देवी ने नीरज सहित पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।