Auto returning, full of people returning from Tilak ceremony, one dead, six injured
- फोटो : KAUSHAMBI
नेवादा। पिपरी कोतवाली के नूरपुर हाजीपुर गांव के समीप तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे रिश्तेदारों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बूंदा गांव निवासी सूरज पाल (40) पुत्र स्व. भैयन मजदूरी करके अपनी दो पत्नियों व बच्चों का भरण-पोषण करता था। सोमवार रात वह भतीजी शोभा पुत्री रामबाबू का तिलक चढ़ाने रिश्तेदारों के साथ टेंपो से घोषी गांव गया था। वहां पर तिलक चढ़ाने और भोजन के बाद कन्या पक्ष के लोग एक ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे थे।
ऑटो में कुल 10 लोग सवार थे। रात करीब नौ बजे जैसे ही ऑटो नूरपुर हाजीपुर गांव के समीप पहुंचा तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने में सड़क के किनारे खाई में पलट गया। हादसे में सूरज पाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य सवार रेही गांव के नंदलाल, अमिरसा के रामजतन, नूरपुर हाजीपुर निवासी जगत सिंह के बेटे शुभम, शनि, शिवा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए तिल्हापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में दुल्हन के चाचा की मौत से खुशियों वाले घर में मातम पसर गया। पुलिस ने मंगलवार सुबह सूरजपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।