नगर कोतवाली के ओसा गांव के समीप रविवार दोपहर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार छह यात्री घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मंझनपुर चौराहे से सवारी भरकर करारी जा रहे ऑटो के सामने ओसा गांव के पास अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ऑटो चालक नियंत्रण खो बैठा और पलट गया। हादसे में मंझनपुर के नेहरूनगर मोहल्ला निवासी कामता प्रसाद, मनोहर दास, करारी निवासी जयकेश साहू, पिंडरा निवासी रामकिशन, अषाढ़ा निवासी मोहन व उनकी पत्नी उमा देवी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां सभी का इलाज चल रहा है।
...................
कार की टक्कर से युवक जख्मी
कड़ा धाम निवासी लवकुश कुमार मौर्य ने जनपद न्यायालय में नौकरी करते हैं। शनिवार सुबह वह बाइक से न्यायालय गए थे। वहां गेट नंबर तीन के पास पहुंचते ही सामने से आई काली रंग की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जख्मी लवकुश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद