जिला कराटे एसोसिएशन के सचिव अतुल सोनकर ने उत्तर प्रदेश कराटे एसोसिएशन की ओर से आयोजित कोच परीक्षा पास कर जिले का नाम रोशन किया है। लखनऊ में 17 मई को आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद अब वह कोच के दायित्व के साथ राष्ट्रीय कराटे जज (बी) के रूप में भी भूमिका निभाएंगे।
परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश कराटे एसोसिएशन के महासचिव क्योशी जसपाल सिंह के निर्देशन में कराया गया। मुख्य परीक्षक वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज शिहान विजय कुमार ने अतुल सोनकर को प्रमाण-पत्र और आधिकारिक बैज देकर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर कौशाम्बी कराटे एसोसिएशन की अध्यक्ष रीना शर्मा, उपाध्यक्ष नरेंद्र केसरवानी, आयुष साहू और शिक्षक कृष्ण कुमार शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जताई।
अतुल सोनकर ने अपनी सफलता का श्रेय मार्गदर्शकों और परिवार को देते हुए कहा कि वह जिले में कराटे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।