कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम आटा चक्की में गेहूं पिसाने गई एक बालिका के साथ बुजुर्ग ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बालिका के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर सरायअकिल पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
एफआईआर के मुताबिक, क्षेत्र के एक गांव के परिवार ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे उनकी नाबालिक बेटी गांव के ही आटा चक्की पर गेहूं पिसाने के लिए गई थी। आरोप है कि वहां पर पहले से मौजूद रहे बुजुर्ग ने उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकत करते हुए आटा चक्की के अंदर बने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
बालिका ने जब शोर मचा कर विरोध जताया तो आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। मामले को लेकर इंस्पेक्टर वीर प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ित बालिका का मेडिकल कराया जा रहा है।