कोखराज थाना क्षेत्र के पल्टीपुर गांव के पास शनिवार शाम चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाली महिला से बाइक सवार दो युवकों ने मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महिला के विरोध और साहस के चलते बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे सके। हाथापाई के बाद आरोपियों ने मंगलसूत्र मौके पर ही फेंक दिया और बिना नंबर की बाइक से फरार हो गए। कोखराज के पल्टीपुर गांव के पास खुशबू देवी पत्नी अनिल कुमार अंडा, चाय और नाश्ते की दुकान चलाती हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बाइक सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और अंडा बनाने को कहा। महिला ने अंडा तैयार कर जैसे ही उन्हें देने का प्रयास किया, पीछे बैठे युवक ने उनके गले में पहने मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया। मंगलसूत्र लेकर दोनों युवक बाइक से भागने लगे।
इसी दौरान खुशबू देवी ने फुर्ती दिखाते हुए पीछे बैठे युवक की शर्ट पकड़ ली, जिससे वह बाइक से नीचे गिर गया। इसके बाद महिला और युवक के बीच हाथापाई होने लगी। खुद को घिरता देख आरोपी मंगलसूत्र वहीं फेंककर साथी के साथ बाइक से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, बदमाश जिस बाइक से आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। सूचना पर पहुंची कोखराज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने महिला की बहादुरी की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि खुशबू देवी के साहस के कारण छीनैती की वारदात नाकाम हो गई।