जयप्रकाश नारायण सूर्योदय विद्यालय, बरैसा (मंझनपुर) में बुधवार को मंझनपुर संभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य अर्चना केसरी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बालक वर्ग के सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में एटीएस बरैसा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी वर्गों में जीत दर्ज की।
वहीं बालिका वर्ग में कृषक इंटर कॉलेज, हिनौता की खिलाड़ियों ने सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। आयोजन के दौरान नीलेश, पंकज, धीरेंद्र वर्मा, ओमप्रकाश, संजय और आदर्श द्विवेदी सहित अन्य शिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।