सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से लेकर मतगणना में लगे कार्यकर्ता तक दिखे बेहाल
मंझनपुर। लोकसभा चुनाव की मतगणना में प्रचंड गर्मी भी खूब इम्तिहान लिया। सुबह तो बादलों की वजह से कुछ मौसम ठीक रहा, लेकिन फिर एकाएक चटख धूप हो गई। ओसा मंडी स्थित मतगणना स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी छांव तलाशते रहे। वहीं, एजेंट बने राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता भी परेशान दिखे। प्यास बुझाने के बाद हर आधे घंटे में गला फिर से सूख रहा था।
सोमवार को जिले में अधिकतम पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा था। जबकि, न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री रहा। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.2 और न्यूनतम 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 45 डिग्री के तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया। ओसा मंडी स्थित मतगणना स्थल में प्रशासन ने धूप व गर्मी से बचाव के तमाम इंतजाम किए थे। कूलर, पंखे लगवाए गए थे। बर्फ, ठंडे पानी के टैंकर व डिब्बे आते-जाते रहे, लेकिन मौसम के प्रकोप से फिर भी दो-चार होना ही पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी व सेना के जवानों हो हुई। मुख्यद्वार से लेकर मतगणना स्थल और ओसा-मंझनपुर मार्ग पर जगह-जगह लगी बैरीकेडिंग पर लगाए गए सुरक्षाकर्मी छांव तलाशते रहे। 12 बजे के बाद मतगणना एजेंट भी टिनशेड से बाहर निकलने से कतराते दिखे।
आज भी आसमान से बरसेगी आग
कृषि विज्ञान केंद्र के विज्ञानी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को भी गर्मी खूब होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम पारा 45 और न्यूनतम 31 डिग्री रहेगा। गर्म हवाएं चलने के भी आसार हैं। ऐसे में लोगों को घरों से निकलने से पहले बचाव के इंतजाम कर लेने चाहिए।