नगर पंचायत सभागार में सोमवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेयरमैन अमर सिंह के निर्देश पर सभासदों को पिछली बैठक की कार्रवाई पढ़कर सुनाई गई। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना, नगर पंचायत के सीमा विस्तार समेत विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। अंत्येष्टि स्थल के लिए रास्ता निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
चेयरमैन अमर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे पहले शासन से नामित सभासदों का स्वागत किया गया। इसके बाद नगर पंचायत सीमा विस्तार और यूनानी अस्पताल की भूमि को लेकर चर्चा हुई। एसडीएम एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि जनगणना के बाद सीमा विस्तार की मांग पर विचार किया जाएगा।
वहीं, चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि यूनानी अस्पताल की भूमि निजी नहीं है और जल्द ही अस्पताल की भूमि का चिन्हांकन कर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। बैठक में नामित सभासद राजेंद्र सोनकर ने वार्ड संख्या 10 अजमतगंज में अंत्येष्टि स्थल तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग उठाई।
इसके अलावा मनौरी सरायअकिल मार्ग स्थित बाजार में लगे वाटर कूलर की मरम्मत और नगर क्षेत्र में सरकारी सस्ते गल्ले की दो नई दुकानों का प्रस्ताव रखा गया। सभासदों ने बताया कि वर्तमान में दो दुकानों पर अधिक भीड़ होने से लोगों को परेशानी हो रही है। सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। बैठक में सभासद गुड्डी देवी, राजू सरोज, हरीलाल पटेल, संजय कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।