मंझनपुरl शासन की सख्ती के बावजूद कौशाम्बी में ग्राहकों को गुमराह करने के लिए फर्जी नाम से संचालित एक ढाबा मिला। कड़ा के लेहदरी रोड पर संचालित इस ढाबे से फ्लैक्स बोर्ड हटवा दिया गया। साथ ही दोबारा शिकायत मिलने पर सख्त कारवाई की चेतावनी दी गई l
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर जनपद की पुलिस फोर्स एक्टिव मोड पर है। कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर है। नाम और जाति बदलकर होटल एवं ढाबा चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त है। इसके तहत शुक्रवार को कड़ा धाम थाना क्षेत्र के देवीगंज लेहदरी मार्ग पर अंधियारी मोड़ के करीब गिरधरपुर गढ़ी गांव निवासी अंसार अली के ढाबा पर कोतवाली पुलिस ने छापेमारी की। अंसार अली यादव होटल के नाम से ढाबा चला रहा था। कड़ा धाम इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया की फ्लैक्स बोर्ड उतरवाने के साथ ही संचालक को वास्तविक नाम दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर कारवाई की चेतावनी दी गई है।