मुंबई से आया एक और युवक कोरोना से हुआ संक्रमित
संक्रमित के संपर्क में आने वालों की पहचान करने में जुटा प्रशासन
पीड़ितों की संख्या हुई 37, अब तक नौ मरीज ठीक होकर पहुंचे घर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। मुंबई से घर आया एक और युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 37 हो गई है। रविवार को रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन अब उसके संपर्क में आने वालों की पहचान करने में जुट गया है। वहीं नौ पीड़ित स्वस्थ होकर होम क्वारंटीन कर रहे हैं।
रविवार को जिले में फिर एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नेवादा ब्लॉक के एक गांव में रहने वाला यह युवक मुंबई में सिलाई का काम करता था। लॉकडाउन में वह मुंबई से अपने छोटे भाई व चित्रकूट में रहने वाले दो अन्य दोस्तों के साथ निजी वाहन से 14 मई को घर आया था। दोनों भाई घर में रात भर क्वारंटीन रहे। अगले दिन हालत बिगड़ने पर इन्हें जयंतीपुर स्थित रामसजीवन सिंह डिग्री कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर पहुंचा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने इनका स्वाब सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया था। रविवार को आई रिपोर्ट में बड़ा भाई पॉजिटिव निकला। जबकि छोटे भाई की रिपोर्ट का अभी इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमित को एल-1 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। परिजनों को क्वारंटीन करने के साथ ही संक्रमित के साथ आए चित्रकूट में रहने वाले दोनों लोगों को भी चिंहित किया जा रहा है। इस तरह से जिले में अब संक्रमितों की संख्या 37 हो गई है। हालांकि इनमें से एक संक्रमित प्रयागराज के भगवतपुर ब्लॉक क्षेत्र का शामिल है। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि इनमें से नौ संक्रमित स्वस्थ होकर घर पहुंच चुके हैं।