चायल। उमसभरी गर्मी से परेशान तिल्हापुरमोड़ बाजार और पेरई गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अक्रोंशित ग्रामीण नारेबाजी करते हुए उपकेन्द्र पहुंचे। कर्मचारियों को खदेड़ते हुए लोगों ने उपकेन्द्र में ताला जड़ दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ उपकेन्द्र पहुंचे अवर अभियंता ने लोगों को एक बार फिर झूठी दिलासा दिलाते हुए शांत कराया। दो महीने से उमसभरी गर्मी में लोग तप रहे है। शिकायत के बाद भी फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा रहा है। लोगों ने चेताया कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह सड़क पर उतरने का बाध्य होगें।
बता दें कि शाहपुरपेरवा उपकेन्द्र से जुडे तिल्हापुरमोड़ बाजार और पेरई गांव में दो महीने से बिजली आपूर्ति ठप है। उमसभरी गर्मी में लोग तप रहे है। लोग ढिबरी की रोशनी में घरेलू कामकाज निटपाने को मजबूर है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर फुंकने की शिकायत दूसरे दिन उपकेन्द्र जाकर अवर अभियंता और अन्य कर्मियों से की गई। इसके बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ऐसे में जहां लोग उमसभरी गर्मी में पेरशान है वहीं गांव में पानी का भी हाहाकार मचा हुआ है। व्यापारियों का कारोबार भी चौपट हो रहा है।
कारखाने बंद पड़े हुए है। अफसरों की अनदेखी को लेकर बुधवार को ग्रामीणों के साथ व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उपकेन्द्र पहुंचे लोगों ने बिजली विभाग के कर्मियों को खदेड़ते हुए ताला लगा दिया। उपकेन्द्र में हंगामे की खबर मिलते ही अवर अभियंता शिवबाबू निषाद पुलिस के साथ उपकेन्द्र पहुंचे और लोगों को जल्द ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाने का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। कहा कि स्टोर में ट्रांसफार्मर आते ही बदलवा दिया जाएगा।