Angry in Lekhpal Sangh due to no arrest of attackers
- फोटो : KAUSHAMBI
लेखपाल पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लेखपालों में नाराजगी है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सांकेतिक हड़ताल पर चले रहे लेखपालों ने बैठक कर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ नहीं गया तो लेखपाल काम नहीं करेंगे।
सरायअकिल के बसुहार गांव में हफ्ते भर पहले लेखपाल पवन कुमार राय पर निवर्तमान प्रधान, उसके पति और दो अन्य आरोपियों पर हमला कर दिया था।
लेखपालों ने आंदोलन की चेतावनी दी तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लेखपाल सांकेतिक हड़ताल पर चल रहे हैं। इसके बाद भी आरोपियों को पकड़ नहीं गया। इस पर मंगलवार को लेखपालों ने चायल तहसील में बैठक कर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के चायल तहसील अध्यक्ष सरफराज अहमद ने कहा कि बसुहार की निवर्तमान ग्राम प्रधान और उसके पति पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर प्रकरण को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
हफ्ते भर बाद भी न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। चेताया कि हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई तो पूरे जनपद के लेखपाल समाधान दिवस सहित तहसील स्तर के सभी कार्यों का बहिष्कार करेंगे। बैठक में शिव नारायण यादव, नवीन सोनकर, अमर सिंह, मदन सिंह, गोरे मिश्रा, पवन कुमार राय, बागीश त्रिपाठी, गजेंद्र सिंह, कमलाकर सिंह आदि लेखपाल मौजूद रहे।