रूठ कर बच्चों सहित मायके गई विवाहिता के घर नहीं आने से नाराज पति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रसूलपुर टप्पा गांव निवासी गोरेलाल (35) राजगीर का काम करता था। उसके पिता रामचंद्र ने बताया कि गोरेलाल की पत्नी उर्मिला कुछ दिनों पहले अपने पति से झगड़कर तीन बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। बुधवार सुबह बेटा गोरेलाल अपनी पत्नी और बच्चों को बुलाने ससुराल नंदौली गांव गया था। काफी मान-मनौव्ल के बाद भी पत्नी ससुराल आने के लिए राजी नहीं हुई। शाम करीब पांच बजे वह खेतों की ओर गए थे। बेटा गोरेलाल घर पर अकेला था। इस दौरान उसने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी के बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला खुदकुशी का है।