नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका सिंह को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उत्साह भरे माहौल व समर्थकों के जोश के बीच अनामिका सिंह ने शपथ लेने के बाद कुर्सी संभाली। इस दौरान जिला पंचायत परिसर समर्थकों व रिश्तेदारों से खचाखच भरा रहा।
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका सिंह ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस मौके पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निर्धारित समय पर अध्यक्ष को शपथ दिलाते हुए पद की जिम्मेदारी सौंपी। पदभार ग्रहण करने के बाद अनामिका सिंह ने कहा कि जिले के विकास के लिए वह पूर्ण रूप से कटिबद्ध हैं। जिला पंचायत से जिले का हर संभव विकास कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इस दौरान समर्थकों में भारी जोश दिखा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रभारी सीडीओ डीके दोहरे, डीएसटीओ पन्नालाल के अलावा जिला पंचायत सदस्य व भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
जिला पंचायत परिसर में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। सदर सीओ, कोतवाल समेत कई थानों की फोर्स समारोह में मौजूद रही। इस दौरान मंच के नजदीक आने-जाने वालों पर पुलिस के जवानों की पैनी नजर रही। शपथ ग्रहण समारोह सकुशल संपन्न होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की संास ली।
सभी गांवों का होगा विकास
अनामिका सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद समर्थकों व सदस्यों से कहा कि वह सभी गांवों का विकास करेंगी। किसी एक क्षेत्र का उनके कार्यकाल में विकास नहीं होगा। प्रस्ताव सभी क्षेत्रों का तैयार कराया जाएगा। दावा किया कि सदस्यों को पूरा सम्मान मिलेगा और उनके क्षेत्र की समस्याओं को वरीयता दी जाएगी।
सभी दलों के नेता रहे मौजूद
अनामिका सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में सभी दलों के नेता मौजूद रहे। मंच पर सपा नेता अश्वनी सिंह आदि लोगों के साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व बसपा नेता राजेश कुशवाहा भी रहे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने भाषण में कहा कि युवा हाथों में जिला पंचायत की बागडोर गई है। जिले का विकास होगा। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता भी मौजूद रहे।