हत्या की कोई वजह निकलकर सामने नहीं आई है। आरोपी के परिजनों के साथ ग्रामीणों का भी यही कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति खराब होने की वजह से घटना हुई है। पुलिस भी इस बात को मान रही है। हालांकि, इसके लिए पुलिस चिकित्सकीय परीक्षण कराने की बात कह रही है। इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि मृतक की बहू शांति देवी पत्नी मदन लाल की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी ने इससे पहले माता-पिता पर भी किया था हमला
निजामपुर नौगीरा निवासी श्यामलाल के तीन बेटों में आरोपी प्रेमलाल सबसे छोटा है। उसकी उम्र करीब 25 साल है। श्यामलाल ने बताया कि प्रेमलाल की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती है। आगरा में इलाज कराने के बाद भी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी वजह से बड़े बेटे अपने पत्नी-बच्चों के साथ अलग रहते हैं। श्यामलाल व उसकी पत्नी ही मनोरोगी बेटे प्रेमलाल की देखभाल करते हैं। इससे पहले वह अपने माता-पिता पर भी धारदार हथियार से हमला कर चुका है। ग्रामीणों ने भी उसके मनोरोगी होने की पुष्टि की है।
मृतक की बहू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। इसकी जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार सिंह, एएसपी