पइंसा कोतवाली के जगन्नाथपुर में शुक्रवार सुबह हैंडपंप की बोरिंग के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में एक मासूम की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अजय प्रताप मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। पड़ोसी विनोद के घर के पास हैंडपंप की बोरिंग हो रही थी। बोरिंग के लिए पानी का गड्ढा खोदा गया था। शुक्रवार सुबह अजय की डेढ़ वर्षीय बेटी आकृति खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में गिर गई। परिजनों ने तलाश की तो वह गड्ढे में मिली।
आकृति को गड्ढे से बाहर निकालकर सीएचसी सिराथू ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने आकृति को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मासूम बच्ची की मौत से पीड़ित परिवार की रो-रोकर हालत खराब है।