तहसील गेट के समीप स्थित निजी क्लीनिक में मंगलवार दोपहर गलत इलाज का आरोप लगाकर तीमारदारों ने जमकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर क्लीनिक में काम कर रही एक युवती समेत अन्य कर्मचारियों को पीट दिया। शोर सुन जुटे लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। पिटाई से जख्मी कर्मचारियों ने पुलिस को तहरीर दी है।
रसूलपुर ब्यूर गांव के मजरा पिपरहाई निवासी मिथलेश कुमार चायल तहसील गेट के समीप एक क्लीनिक में काम करता है। मिथलेश के मुताबिक चायल कस्बे के नईम मियां का पूरा मोहल्ला निवासी मानसिंह का 26 जुलाई को बुखार आने पर इलाज किया था। दवा खाने के बाद उसकी तबीयत ठीक हो गई थी। एक सप्ताह के बाद वह दोबारा बीमार हो गया।
परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज के मुंडेरा स्थित निजी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर परिजनों ने शहर के ही दूसरे अस्पताल में उसे भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई थी। शव घर लाकर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।
मिथिलेश का आरोप है कि मंगलवार दोपहर मृतक मानसिंह की पत्नी 10-12 लोगों के साथ क्लीनिक पहुंची और गलत इलाज करने का आरोप लगाकर दो लाख रुपये की मांगने लगीं। विरोध करने पर गाली गलौज कर क्लीनिक में तोड़फोड़ करते हुए मिथलेश, युवती समेत अन्य कर्मचारियों की पिटाई कर दी।
पिपरी थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच चायल चौकी पुलिस कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर जांच के लिए टीम भेजी गई है।