तहसील के नरवर पट्टी गांव निवासी युवक ने एग्रीमेंट के नाम पर धोखाधड़ी कर भूमि का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नरवर पट्टी गांव निवासी बशीर अहमद ने बताया कि उन्होंने सिहोरी गांव निवासी एक युवक के पास अपनी 14 बिस्वा कृषि योग्य भूमि पचास हजार रुपये में गिरवी रखी थी। आरोप है कि जालसाज ने तहसील बुलाकर एग्रीमेंट कराने की बात कही। तहसील पहुंचने पर अधिवक्ता की मिलीभगत से एग्रीमेंट की जगह बैनामा करा लिया। इसमें उनकी अन्य आराजी का भी उल्लेख कर दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि जब उपनिबंधक कार्यालय में रजिस्ट्रेशन के दौरान उनसे विक्रय मूल्य पूछा गया, तब उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भूमि बेच नहीं रहे हैं केवल एग्रीमेंट कराने आए हैं। इसके बावजूद धमकी देकर बैनामा करवा लिया गया। पीड़ित ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर एडीएम शालिनी प्रभाकर से शिकायत कर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एडीएम ने मामले का संज्ञान लेकर जांच का भरोसा दिया है।