फैजुल्लापुर गांव में कोटे की दुकान पर कीड़ा लगा चावल, संवाद
मंझनपुर तहसील के ग्राम पंचायत फैजुल्लापुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कोटेदार पर कीड़े लगा और खराब चावल बांटने के साथ घटतौली करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीण संगीता देवी, मुन्नु, मैकी और ओमप्रकाश का कहना है कि उन्हें निर्धारित रोस्टर के अनुसार राशन नहीं दिया जाता है। आरोप है कि अन्नपूर्णा भवन पूरे महीने बंद रहता है और केवल महीने के अंतिम दो-तीन दिनों में ही राशन वितरण किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार मशीन को अन्नपूर्णा भवन से घर ले जाकर पहले ही लोगों के अंगूठे लगवा लेते हैं और बाद में खराब व सड़ा हुआ राशन दे दिया जाता है।
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में आपूर्ति निरीक्षक रामकुमार आर्य ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है, जांच कर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।