प्रेम विवाह के बाद एक युवती की हत्या का प्रयास किया गया। यह आरोप लगाते हुए भुक्तभोगी युवती ने गुहार लगाई तो डीएम के आदेश पर पइंसा पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंझनपुर कस्बे के जमुना प्रसाद की बेटी रचना देवी ने बताया कि वर्ष 2022 में उसने पइंसा निवासी नितिन से प्रेम विवाह किया था। आर्य समाज के मंदिर में शादी करने के बाद दोनों मंझनपुर में किराए का कमरा लेकर रहने लगे। रचना के मुताबिक अब उसका पति किसी दूसरी युवती से शादी करना चाहता है। इसका विरोध करने पर आए दिन मारपीट करता है।
रचना का आरोप है कि 25 जनवरी को आरोपी पति ने फोन कर उसे अपने पैतृक गांव स्थित घर बुलाया। वहां माता-पिता व भाई विपिन और बहन प्रियंका के साथ मिल लोहे की रॉड से पिटाई की। सिर और पेट में नुकीला शीशा घोंपकर हत्या करने करने का प्रयास किया। मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
आरोप है कि नामजद तहरीर के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो बृहस्पतिवार को पीड़िता ने डीएम से शिकायत की। डीएम मधुसूदन हुल्गी के आदेश पर पइंसा पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।