चरवा। प्रदीप कुमार, जयसिंह स्मारक वालीबाल प्रतियोगिता इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की टीम ने जीत ली है। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रविवार को इलाहाबाद की टीम ने चौराडीह (कौशाम्बी) को सीधे सेटों में पराजित किया। विजेता और उपविजेता टीम और खिलाड़ियों को पुरस्कार देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष तलत अजीम ने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। इससे समाज में भाईचारे की भावना बढ़ती है।
चरवा मैदान में प्रदीप कुमार, जय सिंह स्मारक वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल मैच चौराडीह (कौशाम्बी) और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की टीम के बीच खेला गया। इलाहाबाद की टीम ने सीधे सेटों में यह मुकाबला 21-16 और 21-10 से जीत लिया। इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में चौराडीह की टीम ने गांधी क्लब चरवा की टीम को 21-16 और 21-14 से और इलाहाबाद की टीम ने पिपरी को कड़े मुकाबले में 25-23 और 27-25 से शिकस्त दी थी।
प्रतियोगिता के समापन के बाद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके मुख्य अतिथि रहे कौशाम्बी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तलत अजीम ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। इससे जहां युवाओं को शारीरिक-मानसिक मजबूती मिलती है। वहीं खेल से समाज ने भाईचारा को भी बढ़ावा मिलता है। इस मौके पर कुटेश्वर तिवारी, दीपक सिंह, रवींद्र द्विवेदी, वीर सिंह, रामबाबू, अंशुमान सिंह, यशवंत कुमार आदि मौजूद रहे।