मंझनपुर (ब्यूरो)। इलाहाबाद में वकील की हत्या से आक्त्रसेशित कौशाम्बी के अधिवक्ताओं ने बुधवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। घटना के विरोध में कचहरी परिसर में प्रदर्शन करते हुए वकीलों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया। इसमें शासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की गई।
बता दें कि मंगलवार को इलाहाबाद में अधिवक्ता सत्येंद्र सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से कौशाम्बी के भी अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है।
साथी अधिवक्ता की हत्या के विरोध में बुधवार को जिले के वकीलों ने न्यायिक कार्य नहीं किया। कचहरी परिसर में बैठक करके घटना की भर्त्सना की। गुस्सा जताया कि हफ्तेभर के भीतर प्रदेश में अधिवक्ता हत्या की यह तीसरी वारदात है। बैठक के बाद वकीलों ने हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर शासन से अधिवक्ता के पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की। चेताया कि मांगें पूरी नहीं किए जाने पर अधिवक्ता समाज आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस मौके पर माडल डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश जायसवाल, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, तुषार तिवारी, वीरेंद्र मिश्र, कौशलेश द्विवेदी, अजय पांडेय, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।