हमलावर सपा नेता की गिरफ्तारी नहीं होने से भड़के लेखपालों ने शुक्रवार को मंझनपुर तहसील में तालाबंदी की। इस दौरान प्रदर्शनकारी राजस्वकर्मियों ने एसडीएम और तहसीलदार को दफ्तर में घुसने नहीं दिया। एसडीएम समेत सभी अधिकारी बरामदे में कुर्सी लगाकर काम करते नजर आए। लेखपाल संघ ने एलान किया है कि गिरफ्तारी और रासुका की कार्रवाई होने तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
मंझनपुर के लेखपाल ओम प्रकाश गुप्ता पर महीनेभर पहले तहसील परिसर में हमला किया गया था। भुक्तभोगी लेखपाल ने इस मामले में सपा नेता शबीह हैदर मीनू और उसके छोटे भाई को नामजद किया है। नामजद हमलावरों की गिरफ्तारी अब तक नहीं होने से जिलेभर के लेखपालों में जबरदस्त गुस्सा है। गिरफ्तारी और हमलावरों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की मांग को लेकर 24 नवंबर से मंझनपुर तहसील और 9 दिसंबर से सिराथू और चायल तहसील के राजस्वकर्मी कलमबंद हड़ताल पर हैं।
लगातार हड़ताल जारी रहने के बाद भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे भड़के लेखपालों का गुस्सा शुक्रवार को और भड़क उठा। आक्रोशित लेखपालों ने मंझनपुर तहसील में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के कक्ष समेत सभी कार्यालयों में ताला जड़ दिया। इस दौरान हड़ताली लेखपालों ने एसडीएम, तहसीलदार समेत किसी भी अधिकारी को दफ्तर में बैठकर कामकाज भी नहीं करने दिया। एसडीएम, तहसीलदार बरामदे में कुर्सी लगाकर बैठने को मजबूर रहे।