इलाहाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंंक इलाहाबाद की प्रबंध समिति के 14 निदेशक (सदस्य) पदों के लिए रविवार को नामांकन हुआ। इसमें 12 सदस्य निर्विरोध चुने गए, जिनमें तीन सदस्य कौशाम्बी के भी शामिल हैं। अब 23 जून को सभापति के लिए चुनाव होगा।
प्रयागराज स्थित बैंक मुख्यालय में नामांकन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसमें प्रयागराज और कौशाम्बी क्षेत्र के 14 निदेशक पदों के लिए नामांकन होना था। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सदस्यों के लिए कुल 12 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने वालों में पूर्व अध्यक्ष शिव मोहन मौर्य भी शामिल रहे। इसके अलावा ज्ञान बाबू केसरवानी, धर्मराज पटेल, अनिल कुमार, दीपचंद्र दिवाकर, चंद्रशेखर, गमला देवी, जड़ावती देवी, धर्मराज पाल, ज्ञान सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, शिव सागर मौर्या ने भी पर्चा भरा। कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं होने के कारण इनका निर्विरोध निदेशक बनना तय है।
भाजपा के जिला महामंत्री दीपचंद्र दिवाकर ने चायल, भाजपा के पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और बैंक के पूर्व अध्यक्ष शिव मोहन मौर्य ने सिराथू सीट से नामांकन किया है।
वहीं, मंझनपुर सीट से पार्टी के ही सक्रिय कार्यकर्ता धर्मराज पाल ने पर्चा भरा है। चुनाव के दौरान प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्या, विधायक प्रयागराज शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि आदि मौजूद रहे।