अजुहा कस्बे का राष्ट्रीय राजमार्ग। संवाद
कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अजुहा कस्बे का एक हिस्सा आज भी चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण की बाट जोह रहा है। बढ़ते यातायात दबाव के बीच हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक जनवरी से आठ जून तक इस हाईवे पर चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं।
व्यापारी कपूर चंद्र केसरवानी का कहना है कि वर्षों से हाईवे के चौड़ीकरण, फ्लाईओवर व बायपास निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रहरि का कहना है कि संकरे मार्ग, अव्यवस्थित कट और भारी वाहनों के दबाव के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उनका कहना है कि चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगा सकता है।
लोगों का सवाल है कि जब कानपुर से प्रयागराज तक अधिकांश हिस्सों का आधुनिकीकरण हो चुका है तो अजुहा को इस सुविधा से कब तक वंचित रखा जाएगा। वहीं पांच जून को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मुद्दे पर सांसद और विधायकों को भी जिम्मेदारी लेने की बात कही थी।
सड़क का निरीक्षण कर लिया गया है। विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही चौड़ीकरण और अन्य आवश्यक कार्य शुरू कराए जाएंगे।- पंकज यादव, प्रोजेक्टर डॉयरेक्टर, नेशनल हाईवे।