पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए कृषि विभाग ने बीते दिनों जो मेहनत की, वह रंग लाई है। इसी का नतीजा रहा कि 13वीं किस्त की अपेक्षा 14वीं किश्त जारी होने पर 34 हजार ज्यादा किसानों को लाभ मिला।
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में करीब 2.11 लाख किसान हैं। अप्रैल में जब केंद्र सरकार की ओर से पीएम किसान सम्मान निधि की 13वीं किस्त जारी की गई तो 1.19 लाख किसानों को ही लाभ मिला था। करीब 92 हजार किसान सरकार की इस योजना से वंचित रह गए थे। भूलेख अंकन तो किसी का ई-केवाईसी नहीं था। ऐसी ही अन्य कमियों की वजह से इन किसानों को पात्र होने के बाद भी सम्मान निधि नहीं मिल रही थी। ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभान्वित कराने के लिए कृषि विभाग ने अभियान चलाया।
कृषि विभाग के साथ डाक और राजस्व विभाग की टीम ने गांव-गांव कैंप लगाए। इसके अलावा जिला मुख्यालय पर कृषि विभाग कार्यालय में अलग काउंटर खोला गया। ब्लॉक स्तर पर राजकीय बीज भंडारों में नियमित रूप से शिविरों का आयोजन करके किसानों की समस्याएं सुनी गईं और दूर कराया गया। इसी का नतीजा रहा कि जब 14वीं किस्त जारी हुई तो 1.53 लाख किसानों के बैंक खाते में दो-दो हजार रुपये पहुंचे। यानी, 13वीं किस्त की अपेक्षा 14वीं किश्त में 34 हजार अधिक किसानों को योजना का लाभ मिला।
पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों की समस्याएं दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिनके अच्छे परिणाम भी मिले हैं। यह कोशिश लगातार जारी है। जिला मुख्यालय और ब्लॉक स्तर पर शिविर चल रहे हैं। जिन किसानों को इस भी योजना का लाभ नहीं मिला है, वह इन शिविरों में जाकर अपने आवेदन कर सकते हैं।
एसके तिवारी,उप कृषि निदेशक