विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद चायल विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं। कुल 4,04,036 मतदाताओं वाली सूची से 83,325 नाम काट दिए गए, जो लगभग 20.62 प्रतिशत है। हटाए गए नामों में मुख्य रूप से स्थानांतरित, मृतक, डुप्लीकेट और अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की है। विशेष गहन पुनरीक्षण में स्थानांतरित मतदाताओं की संख्या 36,742, मृतकों के 12,791, डुप्लीकेट 11,123, अनुपस्थित (पते पर नहीं मिलने वाले) 20,316 और अन्य श्रेणी के 2,353 नाम हटाए गए।
निर्वाचन आयोग ने प्रभावित मतदाताओं को राहत प्रदान करते हुए फरवरी महीने को दावा-आपत्ति की अवधि निर्धारित की है। जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं, वह फॉर्म 6 भरकर या फिर बीएलओ के जरिए दस्तावेज जमा कर अपना नाम दोबारा जुड़वा सकते हैं। इसी अवधि में एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले नए युवा मतदाता भी पंजीयन करा सकते हैं।
अनुपस्थित मतदाताओं को भेजे जा रहे नोटिस
चायल विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची की एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में अनुपस्थित मतदाता पाए गए हैं। जांच में कुल 20,316 मतदाता ऐसे चिह्नित किए गए, जो अपने पते पर नहीं मिले। इन मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस भेजा जा रहा है। नोटिस प्राप्त होने पर संबंधित मतदाताओं से अपेक्षा की जा रही है कि वह अपना पक्ष रख कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करेंगें, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके। निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया तो इन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की कार्रवाई की जा सकती है।
प्रभावित मतदाता समय रहते ईआरओ कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा-अपत्ति दर्ज कराकर अपना मताधिकार सुरक्षित कर सकते हैं या फिर बीएलओ के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। -अरुण कुमार, एसडीएम चायल