पिपरी कोतवाली क्षेत्र में युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव बाइक के नीचे दबा दिया गया। सूचना पर पहुंचे सीओ चायल ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
चिरला मुंजप्ता निवासी महेंद्र सिंह(40) खेती किसानी कर परिवार का गुजारा करते थे। परिजनों के मुताबिक रविवार की रात बाइक लेकर पड़ोसी गांव गांजा गए थे, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।
सोमवार सुबह गांव के लोग टहलने निकले तो चींटा नारा के पास महेंद्र का रक्त रंजिश शव बाइक से दबा हुआ देखा। सूचना पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई सचिन का आरोप है कि धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या की गई। इसके बाद शव बाइक के नीचे दबा दिया गया। बाइक की हैंडिल लॉक थी और चाबी कुछ दूरी पर पड़ी थी।
सूचना पर सीओ चायल योगेंद्र कृष्ण नारायण फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच खून आदि के नमूने लिए। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगा तहरीर दी है। वहीं,पिपरी इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसा लग रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।