संदीपनघाट कोतवाली के पल्हना गांव में सोमवार दोपहर क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर पुल से नीचे फेंक दिया गया। हादसे में युवक के दोनों पैर टूट गए। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, पुलिस ने मामले में दो नामजद सहित छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने भी मामले में तहरीर दी है।
पल्हना गांव की नीता देवी ने बताया कि उनका बेटा दिनेश कुमार सोमवार को प्राथमिक विद्यालय स्थित कछार में क्रिकेट मैच खेलने गया था। मैच के दौरान हिंगवाही गांव निवासी सोनू पटेल और पिपरी कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी निवासी रवि साहू से विवाद हो गया।
आरोप है कि मैच खत्म होने के बाद सोनू पटेल और रवि साहू ने अपने चार बाइक सवार साथियों के साथ दिनेश को पल्हना पुल पर रोक लिया और मारपीट की। उसे बेरहमी से पिटाई कर अचेत कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे उठाकर पुल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। हादसे में युवक के दोनों पैर टूट गए।
इसी दौरान किसी ने पिटाई का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मां नीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी सुशील यादव ने बताया कि मामले में दो नामजद सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।