मंझनपुर। इलाहाबाद के वकील नबी अहमद हत्याकांड को लेकर कौशाम्बी के वकीलों का प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। मंझनपुर जिला मुख्यालय समेत तीनों तहसील के वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही हत्या को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वाले इलाहाबाद के वकीलों पर दर्ज हुए मुकदमे को लेकर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया। ऐलान किया कि मुकदमा वापसी होने तक उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा।
बता दें कि इलाहाबाद कचहरी में अधिवक्ता नबी अहमद की हत्या के विरोध में सोमवार को भी कौशाम्बी के वकीलों का प्रदर्शन जारी रहा। बार कौंसिल के आह्वान पर जिला मुख्यालय समेत जनपद की तीनों तहसील के वकीलों ने खुद को न्यायिक कार्य से दूर रखा। वहीं बैठक करके शासन-प्रशासन पर निशाना साधा। बैठक के बाद नारेबाजी करते हुए निकले जिला मुख्यालय के वकीलों ने मंझनपुर-समदा मार्ग पर मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया।
इस दौरान वकीलों ने हत्या के प्रतिशोध में इलाहाबाद के अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे को वापस लिए जाने की मांग भी शासन से की। ऐलान किया कि जब तक अधिवक्ताओं की मांग पूरी नहीं की जाती है। उनका यह प्रदर्शन चलता रहेगा। इस मौके पर बार के अध्यक्ष प्रेम नाथ शुक्ला, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, नर नारायण मिश्र, देवशरण त्रिपाठी, मनुदेव त्रिपाठी, चंद्रदत्त शुक्ल, शशि त्रिपाठी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। उधर, वकीलों के प्रदर्शन के मद्देनजर मंझनपुर मुख्यालय में कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों के साथ अफसर भी चौकसी बरते हुए थे।