क्षेत्र के महेंद्र गांव में मामूली विवाद को लेकर कुछ लोगों ने अधिवक्ता की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों को भी मारपीट का सामना करना पड़ा। पीड़ित की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक, महेंद्र गांव निवासी सियाराम सिंह पुत्र दयाराम सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं। आरोप है कि पांच मार्च की शाम गांव का अंकित कुमार एक व्यक्ति को तलवार लेकर मारने के लिए दौड़ा था। अंकित की मां सरला देवी को शक था कि इस घटना की सूचना सियाराम ने 112 नंबर पर पुलिस को दी है।
इसी बात को लेकर सात मार्च की शाम सरला देवी ने अपने घर से बेटे अंकित, पति रामसुफल, दामाद अर्जुन व अन्य लोगों के साथ सियाराम को गाली दी और आठ मार्च की सुबह मारपीट की। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की।