मंझनपुर। कोखराज थाना क्षेत्र के भीखमपुर में चौपाल के बाद मंडलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय सरवाकाजी का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षाओं में पढ़ाई का हाल जानने के दौरान प्रकाश में आया कि एक बच्चा दूसरे विद्यालय का है। साथ ही स्कूल का शैक्षिक स्तर निम्न है। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका व शिक्षिका को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। साथ ही बीईओ और निजी स्कूल के प्रधानाचार्य को नोटिस देकर जवाब तलब किया है।
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय सरसवाकाजी का निरीक्षण किया। बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निरीक्षण में कक्षा दो में दूसरे विद्यालय का छात्र मिला। जो मान सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिकंदरपुर बजहा का छात्र था। इसपर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। कक्षा दो व सात के बच्चे मंडलायुक्त के सवाल का जवाब नहीं दे सके। इस पर उन्होंने बीएसए को कार्रवाई का निर्देश दिया। बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका स्वेता सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि और बीईओ मूरतगंज डॉ. जवाहरलाल यादव और निजी स्कूल के प्रधानाध्यापक को कारण बताओं नोटिस देकर जवाब तलब किया है।
-