दोआबा में दूध, तेल और मिठाई का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता सावधान हो जाएं। दूधिए से लिए जाने वाले दूध ही नहीं सरसों के तेल, बेसन, और मिठाई आदि में भी मिलावट की जा रही है। इसका खुलासा अगस्त से लेकर अब तक जांच के लिए भेजे गए कई नमूनों से हुआ। श्याम डेयरी का दूध भी जांच में फेल हो गया है। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संबंधित को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। जवाब मिलते ही एडीएम न्यायालय में वाद पंजीकृत करा दिया जाएगा।
अगस्त से लेकर अक्टूबर तक रक्षाबंधन, दशहरा, दीपावली आदि पर्वों की धूम रहती है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ जाती है। कारोबारी मिलावटी सामान की बिक्री न कर सकें। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सजग रहती है। इस साल मंझनपुर की खाद्य सुरक्षा अधिकारी शेफाली रस्तोगी समेत अन्य अधिकारियों ने दूध, बेसन, मिठाई, तेल और दाल के करीब 38 नमूने जांच के लिए भेजे थे। लखनऊ से जांच रिपोर्ट आने के बाद मूरतगंज के दूधिया धर्मेंद्र यादव के दूध, श्याम डेरी ओसा के दूध, कुम्हियांवा के जगदीश प्रसाद के सरसों के तेल, मंझनपुर की वंदना आइसक्रीम और करारी के फूलचंद्र वर्मा की बर्फी में मिलावट की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम अशोक यादव ने आरोपियों को नोटिस भेज दिया है। बहरहाल कुछ भी हो दोआबा के उपभोक्ताओं को जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की खरीद में अब विशेष सावधानी बरतनी होगी।