उप्र होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन कौशाम्बी स्थित मनोरंजन कक्ष में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात प्रबंधन सुचारु रखने और किसी भी प्रकार की नकल या अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या भ्रम पैदा करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।