Action will be taken against CO and policemen if crime increases
- फोटो : KAUSHAMBI
अपराध बढ़ने पर सीओ और कोतवालों पर होगी कार्रवाई
अपराध समीक्षा बैठक में बोले अपर पुलिस महानिदेशक मानवाधिकार
मंझनपुर। जनपद भ्रमण के पहले दिन मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक मानवाधिकार/नोडल अफसर एमके बसाल ने जिला जेल, पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय का किया निरीक्षण किया। एसपी ऑफिस में अपराध समीक्षा बैठक में मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बोले कि अपराध का ग्रॉफ बढ़ने पर सर्किल अफसर पर कोतवालों पर कार्रवाई होगी। लाइन में अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने आरआई को फटकार लगाई।
जिले के नोडल अफसर और अपर पुलिस महानिदेशक (मानवाधिकार) एमके बसाल दो दिवसीय कौशाम्बी दौरे पर आए हुए हैं। पहले दिन मंगलवार को सुबह ही वह टेवां स्थित पुलिस लाइन पहुंचे। वहां मेस, बैरक, फैमली क्वार्टर, दफ्तर आदि का निरीक्षण किया। सलामी दिए जाने के साथ ही गंदगी, जर्जर भवन आदि अव्यवस्थाएं मिलने पर आरआई को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि जो धन जिस काम के लिए शासन से अवमुक्त होता है, उसे उसी काम में लगाया जाए। मनमानी करने पर निलंबित करके एफआईआर भी दर्ज करा दी जाएगी। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में अपराध समीक्षा बैठक की। एक-एक सर्किल अफसर और कोतवाल से सवाल-जवाब किया। कहा कि फरार इनामियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। हिस्ट्रीशीटों की गतिविधि पर नजर रखी जाए। छोटे-छोटे अपराधियों को हल्के में नहीं लिया जाए। यही लोग बड़ी घटनाओं को अक्सर अंजाम दे देते हैं। अपराध का ग्रॉफ बढ़ने पर सर्किल अफसरों व कोतवालों को कार्रवाई की चेतावनी दी। फिर पुलिस कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया।कुछ गड़बड़ी मिलने पर संबंधित को सचेत किया। इससे पहले एडीजी ने जेल का भी निरीक्षण किया। वहां सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। उन्हें किसी एक कोतवाली का भी निरीक्षण करना था। पर, समयाभाव के कारण अब बुधवार को करेंगे। इस मौके पर एसपी प्रदीप गुप्ता, एएसपी अशोक कुमार, तीनों सर्किल के सीओ आदि मौजूद रहे।