मंझनपुर पुलिस के हत्थे धर्मपरिवर्तन का आरोपी।
नगर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को धर्म परिवर्तन कराने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से भड़काऊ बातें लिखे कई पोस्टर, पंफलेट व मसीही धर्मग्रंथ बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां निवासी वीरेंद्र कुमार दिवाकर काफी दिनों से सर्वाइकल बीमारी से पीड़ित हैं। पिछले वर्ष उसकी मुलाकात मंझनपुर कस्बे के कटरानगर मोहल्ला निवासी शंकरलाल चौरसिया से हुई। आरोप है कि झाड़-फूंक कराकर बीमारी ठीक कराने का झांसा देकर वह उसे मई 2024 में पंजाब प्रांत के जालंधर ले गया था।
भुक्तभोगी वीरेंद्र के मुताबिक वहां अस्पताल के बजाए आरोपी शंकरलाल उसे खंबरा नकोदर रोड स्थित गिरजाघर ले गया और धर्म परिवर्तन करा दिया। धर्म परिवर्तन कराने में मसीही समुदाय के कई लोग शामिल थे। उन लोगों ने एक हजार रुपये देने के साथ ही पांच लाख रुपये घर पहुंचने पर भेजने की बात कही गई थी। पूरे घटनाक्रम के दौरान आरोपी की पत्नी भी साथ मौजूद रही।
छह महीने बाद भी जब बीमारी ठीक नहीं हुई और रकम भी नहीं मिली तो 18 जनवरी को वीरेंद्र इलाज के बारे में बातचीत करने उसके घर पहुंचा। जहां आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे पीट दिया। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को तन्नापर गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि आरोपी के पास से भड़काऊ बातें लिखे 76 पोस्टर, पंफलेट और एक मसीही धार्मिक ग्रंथ बरामद किया गया है।