राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिराथू में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप में दो महिला प्रवक्ता, एक युवक समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक संगठन के जिलाध्यक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी (16) कॉलेज में कक्षा 10वीं की छात्रा है। बीते करीब दो माह से उसके व्यवहार और गतिविधियों में बदलाव दिखाई दे रहा था। पूछताछ करने पर उसने बताया कि कॉलेज में नियुक्त दो महिला प्रवक्ता उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रही हैं। मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। आरोप है कि छात्रावास में रहने वाली कुछ छात्राओं का भी ब्रेनवाश किया जा रहा है।
छात्रा ने परिजनों को बताया कि कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों का आना-जाना रहता है। उर्दू विषय न लेने के बावजूद जबरन उसे पढ़ने का दबाव बनाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कॉलेज की दो प्रवक्ता और गाजी का पुरा निवासी एक युवक समेत कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गौरतलब हो कि मामले पर करीब एक सप्ताह पहले एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया था और जिला विद्यालय निरीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। -सत्येंद्र तिवारी, क्षेत्राधिकारी