बेरूई गांव में चुनावी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, बेरूई निवासी पूर्व प्रधान इरफान ने बताया कि गांव के दीवान की पत्नी गुड्डी प्रधानी का चुनाव लड़ रही थी, जबकि उन्होंने मंजू देवी का समर्थन किया था, जो वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। इसी रंजिश में 31 जनवरी 2026 की रात करीब आठ बजे वह गांव में शोक संवेदना प्रकट कर लौट रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में राजा राम, दीवान, मस्ताना और दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया, मुंह दबाकर बगीचे की ओर ले गए और गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी, फिर जिला अस्पताल और बाद में प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल भेजा गया।
आरोप यह भी है कि पीड़ित ने सरायअकिल पुलिस व एसपी से मामले में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने तीन नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।