सिराथू। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने एक गर्भवती युवती की हत्या कर दी। नामजद तहरीर के बावजूद स्थानीय पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित पिता ने शुक्रवार को एएसपी से शिकायत की। एएसपी ने सैनी कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
फतेहपुर जनपद के खागा कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार निवासी हरिश्चंद्र ने डेढ़ वर्ष पहले अपनी इकलौती पुत्री साधना की शादी सैनी कोतवाली के केन गांव में रहने वाले अभिमन्यु के साथ की थी। आरोप है कि ससुराली कुछ दिन बाद से ही एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए साधना को प्रताड़ित करने लगे। मामले की जानकारी पर वह बेटी के ससुराल पहुंचा तो उसे घर से भगा दिया गया।
हरिश्चंद्र का आरोप है कि दो माह पहले उसकी गर्भवती बेटी को ससुरालियों ने पीटकर जख्मी कर दिया था। इलाज के दौरान अस्पताल में भर्ती गर्भवती साधना की मौत हो गई। मामले में पीड़ित पिता ने बेटी के पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पिता ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की है। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है, मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।