करारी की मृतक रेशमा की फाइल फोटो स्रोत : परिजन
करारी। सरकारी अस्पताल में शुक्रवार को प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजन डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि शिकायत नहीं की गई है।
कस्बे के नेतानगर मोहल्ले के नरेंद्र कुमार की शादी दस साल पहले रेशमा (28) के साथ हुई थी। नरेंद्र मुंबई के एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। दो साल पहले रेशमा ने एक बेटी को जन्म दिया था। जन्म के बाद बेटी की मौत हो गई थी। रेशमा दोबारा गर्भवती हुई तो ससुराल-मायके वाले दोनों खुश थे। बृहस्पतिवार की रात रेशमा के पेट में दर्द उठा तो परिजन उसे कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
शुक्रवार की भोर चार बजे रेशमा ने एक बेटी को जन्म दिया। करीब सात बजे नवजात की मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद रेशमा की हालत बिगड़ने लगी। इलाज के लिए उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डाॅक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। परिजन डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पीड़ित परिवार ने शिकायत पुलिस अथवा स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से नहीं की है। परिजन शव लेकर घर चले गए।
प्रसूता ने मृत बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची की मौत की जानकारी होने पर वह बेसुध हो गई। हार्ट अटैक का खतरा देख जिला अस्पताल रेफर किया गया था।-
डॉ.मो. आजिम-सीएचसी प्रभारी