सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर जातिसूचक और अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सराय अकिल पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मायाराम का पुरा निवासी आदित्य गौतम ने चार सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर बुद्धपुरी निवासी विक्रांत तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। सोमवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित विक्रांत तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किसी भी समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से बचने की अपील की है।