मंझनपुर। फेसबुक पर पोर्नोग्राफी वीडियो प्रसारित करने के आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। लिखा-पढ़ी के बाद चालान न्यायालय भेजा गया।
आरोप है कि कशिया नादिरगंज निवासी अभय द्विवेदी की फेसबुक आईडी से अश्लील वीडियो प्रसारित हो रहा था। हालांकि, ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। जबकि गृह मंत्रालय की ओर से संचालित पुलिस पोर्टल एनसीएमईसी ने इसे गंभीरता से लिया।
आईडी की जांच कराने के बाद शासन से पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के पास कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक सियाकांत चौरसिया ने बताया कि एसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को आरोपी अभय के खिलाफ केस दर्ज करते हुए शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं इस आईडी को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कोई फेसबुक पर बाहरी बच्चों की अश्लील वीडियो एडिट करते हुए पोस्ट करने की आशंका जाहिर कर रहा है तो कोई जनपद में ही बच्चों की वीडियो बनाए जाने का कयास लगा रहा है।
इतना ही नहीं, आरोपी की आईडी से पाकिस्तानी फाॅलोअर्स के भी जुड़े होने की भी चर्चा सरगर्मी पर है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि कोई अफसर नहीं कर रहा है।