Accusation: BJP leader's nephew vandalizes gangsters, beat up two
- फोटो : KAUSHAMBI
एक भाजपा नेता के भतीजे पर आरोप है कि उसने मंगलवार रात सयारा गांव में गुर्गों संग पहुंचकर गांव के एक युवक के मकान में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर उसके पिता व ममेरे भाई की पिटाई की। कीमती सामान भी लूट ले गए। पीड़ित ने भाजपा नेता के भतीजे सहित सात नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के सयारा गांव निवासी मो. रहमान ने बताया कि पड़ोसी शकील से एक जमीन को लेकर उसका विवाद चल रहा है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करता है।
विरोध करने में झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। पीड़ित की मानें तो सोमवार को शकील ने साथियों संग उसके मकान में लगा टीन शेड उखाड़कर फेंक दिया था। इसके बाद मंगलवार रात वह भाजपा नेता के भतीजे सहित कई लोगों के साथ दो गाड़ियों से आया।
आरोपी हूटर बजाते हुए आए थे। इन लोगों ने पीड़ित के दरवाजे पर पहुंचते ही गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। आरोपी मकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही कमरों में रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन आदि कीमती सामान उठा ले गए। विरोध करने पर पीड़ित के पिता मर्दानसफी व ममेरे भाई हलीम की पिटाई की। सुबह पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। मामले में सीओ सिराथू रामवीर सिंह का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में आया है। सैनी इंस्पेक्टर को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।