कोखराज कोतवाली क्षेत्र के रोही बाईपास के समीप सोमवार शाम बेकाबू ट्रेलर ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कोखराज क्षेत्र के मकदूमपुर काजी गांव का छोटेलाल (58) मूरतगंज स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। सोमवार शाम वह साइकिल से भरवारी जा रहा था। रोही बाईपास के समीप पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रेलर उसे कुचलते हुए गुजर गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।